पाटन। जिला कलेक्टर दुर्ग अभिजीत सिंह के विशेष प्रयास एवं सतत निगरानी के फलस्वरूप भारत को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखंड पाटन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झीट में टीबी मरीजों को पोषण आहार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य टीबी मरीजों में पोषण एवं प्रोटीन की कमी को दूर कर उनकी शीघ्र स्वस्थता सुनिश्चित करना है।
यह कार्यक्रम जिला कलेक्टर के आदेशानुसार तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज दानी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। खंड चिकित्सा अधिकारी पाटन डॉ. बी. कठौतिया के नेतृत्व में निक्षय मित्रों के माध्यम से पंजीकृत टीबी मरीजों को फूड बॉस्केट प्रदान की गई। इस दौरान मरीजों को नियमित दवा सेवन, संतुलित आहार एवं चिकित्सकीय परामर्श का पालन करने की समझाइश दी गई।
कार्यक्रम में चन्द्रकान्ता साहू (बीईटीओ), सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झीट के चिकित्सा अधिकारी, सुपरवाइजर, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक (महिला एवं पुरुष), सीएचओ तथा झीट सेक्टर की समस्त मितानिन उपस्थित रहीं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि टीबी उन्मूलन के लिए उपचार के साथ-साथ उचित पोषण भी अत्यंत आवश्यक है, जिसके लिए शासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि टीबी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत जांच कराएं और पूर्ण उपचार लें, ताकि भारत को शीघ्र ही टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके।

