
बड़हलगंज। मानव शिक्षा सेवा संस्थान, खडेसरी बड़हलगंज द्वारा संचालित नेशनल स्पोर्टिंग क्लब (ओल्ड) के तत्वावधान में आयोजित ऑल इंडिया फुटबॉल टूर्नामेंट का चौथा दिन खेल प्रेमियों के लिए यादगार बन गया। मैदान पर खिलाड़ियों का जोश, दर्शकों की तालियों की गूंज और हर हमले पर बढ़ता रोमांच आखिरी सीटी तक बना रहा। मुकाबले इतने कड़े रहे कि मैदान किसी जंग के अखाड़े से कम नहीं दिखा।
ग्रुप ‘बी’ के पहले मुकाबले में न्यू स्टार स्पोर्ट्स क्लब, आसाम और माडर्न स्पोर्टिंग क्लब खैराबाद की टीमें आमने-सामने रहीं। दोनों ही टीमों ने आक्रामक शुरुआत की। खेल के सातवें मिनट में आसाम के खिलाड़ी दावा ने पेनाल्टी किक को गोल में बदलकर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद ग्यारहवें मिनट में सागर ने शानदार गोल दागकर स्कोर 2-0 कर दिया। दूसरे हाफ में खैराबाद ने वापसी की कोशिश की और अठारहवें मिनट में अबूसामा ने पेनाल्टी किक पर गोल कर अंतर कम किया, लेकिन अंततः आसाम की टीम ने 2-1 से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
दूसरे मुकाबले में बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर और सिटी फुटबॉल क्लब उत्तराखण्ड के बीच जोरदार भिड़ंत देखने को मिली। उत्तराखण्ड के खिलाड़ी ऋषभ ने पहले हाफ के छठवें मिनट में गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद आकाश ने सोलहवें मिनट में दूसरा गोल दागकर बढ़त मजबूत की। गोरखपुर की ओर से अंकित ने दूसरे हाफ के उनतीसवें मिनट में गोल कर मुकाबले में जान फूंकी, लेकिन उत्तराखण्ड की टीम ने संयमित खेल दिखाते हुए 2-1 से जीत दर्ज की।
मैचों के दौरान निर्णायक खुर्शीद आलम, इज़हार आलम, अजीजुल हक और मो. शाहिद की सख्त निगरानी में खेल अनुशासित बना रहा। वहीं कमेंट्री बॉक्स से राज प्रकाश शाही की भोजपुरी कमेंट्री और बीरेंद्र कुमार की सधी हुई आवाज़ ने दर्शकों के उत्साह को दोगुना कर दिया।
पहले मैच में समाजसेवी राजीव पाण्डेय और बबलू राय मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों से परिचय कर उनका उत्साहवर्धन किया। दूसरे मुकाबले में समाजसेवी रत्नेश मिश्र ने मुख्य अतिथि के रूप में खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।
स्टेडियम में अध्यक्ष योगेश राय, संरक्षक इम्तियाज़ अहमद, मोहम्मद यूसुफ, संयोजक राम नगीना यादव, कोषाध्यक्ष रामदास मद्धेशिया, सलाउद्दीन, धीरज राय, सुनील यादव, चुन्नू, तीर्थराज, अशोक, श्रवण जायसवाल, ओमप्रकाश, सकलैन, मीडिया प्रभारी सरफराज अहमद सहित सैकड़ों दर्शकों मौजूद रहे।

