रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह (Dr. Raman Singh) 23 फरवरी को रायपुर से तमिलनाडु के कोयंबटूर के लिए रवाना हुए। वे कमर के पास की हड्डी के उपचार एवं ऑपरेशन के लिए कोयंबटूर जा रहे हैं। चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार वे कुछ समय तक विश्राम पर रहेंगे।
अध्यक्ष की अनुपस्थिति में वर्तमान में चल रहे विधानसभा के बजट सत्र का संचालन सुचारू रूप से जारी रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। सत्र संचालन की जिम्मेदारी पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक और पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष धर्मजीत सिंह को सौंपी गई है।
दोनों वरिष्ठ सदस्य प्रश्नकाल, ध्यानाकर्षण प्रस्ताव तथा अन्य विधायी कार्यों का संचालन सुनिश्चित करेंगे, ताकि सदन की कार्यवाही निर्बाध रूप से चलती रहे।
साथ ही सहयोग के लिए सभापति तालिका (पैनल ऑफ चेयरमैन) का गठन किया गया है, जो समय-समय पर सदन की कार्यवाही संचालन में सहयोग प्रदान करेगी।
विधानसभा सचिवालय के अनुसार बजट सत्र पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित होता रहेगा।

