बिलासपुर। CG News : अगर आपके मोबाइल पर भी ट्रैफिक पुलिस के नाम से ई-चालान भरने का मैसेज आता है, तो सावधान हो जाइए। बिलासपुर में साइबर ठगों ने ई-चालान की आड़ में एक ट्रेन मैनेजर के बैंक खाते पर डाका डाला है। शातिर ठगों ने महज 11 मिनट के भीतर उनके क्रेडिट कार्ड से 2.85 लाख रुपये पार कर दिए।

तोरवा की सांई भूमि कॉलोनी निवासी विवेक कुमार, जो रेलवे में ट्रेन मैनेजर हैं, के पास 7 मार्च की रात एक मैसेज आया। इसमें ओवर स्पीड के कारण ई-चालान कटने की बात कही गई थी। जैसे ही उन्होंने चालान की डिटेल देखने के लिए मैसेज में दिए गए लिंक पर क्लिक किया, ठगों को उनके फोन का एक्सेस मिल गया।
लिंक पर क्लिक करते ही ठगों ने विवेक का फोन और ई-मेल हैक कर लिया। 8 मार्च की रात करीब 2:46 बजे ठगों ने उनके आईसीआईसीआई बैंक से जुड़े अमेजन पे क्रेडिट कार्ड से दो ट्रांजेक्शन 75-75 हजार रुपये के किए। तीसरे ट्रांजेक्शन में 70 हजार और चौथे में 65 हजार रुपये म्यूल खाते में ट्रांसफर कर लिए गए। महज 11 मिनट के भीतर ठगों ने कुल 2.85 लाख रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर लिए।
बदली ई-मेल आईडी
ठग इतने शातिर थे कि उन्होंने विवेक की असली ई-मेल आईडी हटाकर अपनी फर्जी आईडी लिंक कर दी। ऐसा इसलिए किया गया ताकि बैंक से होने वाले पैसों की कटौती का अलर्ट या मैसेज विवेक को न मिल सके। जब तक विवेक को ठगी का एहसास हुआ, तब तक काफी देर हो चुकी थी। फिलहाल तोरवा पुलिस और साइबर सेल ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



