लेंस न्यूज। ईरान (Iran) में शीर्ष सैन्य नेतृत्व पर लगातार हमलों की खबरों ने पश्चिम एशिया में हालात को और अधिक विस्फोटक बना दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका-इज़रायल के संयुक्त हमलों में पहले ईरान के रक्षा मंत्री आमिर नासिरजदेह के मारे जाने की खबर आई थी। अब दावा किया जा रहा है कि उनके उत्तराधिकारी के रूप में नियुक्त किए गए सैय्यद माजिद इब अल-रेजा भी ताजा इजरायली हमलों में मारे गए हैं।
इससे पहले इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के कमांडर मोहम्मद पाकपउर के भी हमले में मारे जाने की खबर सामने आई थी।
अमेरिका और इजरायल ने ईरान के सैन्य और रणनीतिक ठिकानों पर व्यापक हवाई अभियान चलाया। बताया जा रहा है कि हमले राजधानी तेहरान समेत कई अहम इलाकों में किए गए।
ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार, हमलों में देश के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई की भी मौत की पुष्टि हुई है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस सैन्य अभियान को ‘ऑपरेशन एपिक फ्यूरी’ नाम दिया। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई ईरान के परमाणु और मिसाइल कार्यक्रम से उत्पन्न ‘तत्काल खतरे’ को रोकने के लिए की गई। वहीं इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि यह अभियान ईरानी जनता को अपना भविष्य खुद तय करने में मदद करने के उद्देश्य से चलाया गया।

