टिकेंद्र वर्मा@रानीतराई। विकासखंड पाटन के ग्राम कौही स्थित शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला में ईंट भट्ठों से फैल रहे धूल और धुएं के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर असर पड़ने लगा है। कई बच्चों को सिर दर्द और उल्टी की शिकायत होने के बाद स्कूल प्रबंधन ने तत्काल बच्चों के पालकों को सूचना दी तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी को भी अवगत कराया।
सूचना मिलते ही बीईओ ढालेंद्र देवांगन स्कूल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। एहतियातन बच्चों को छुट्टी दे दी गई, ताकि उनकी सेहत पर और विपरीत प्रभाव न पड़े।
समस्या की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा विभाग अब वैकल्पिक व्यवस्था करने में जुट गया है। जानकारी के अनुसार, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए समरसता भवन में अस्थायी रूप से कक्षाएं संचालित करने की तैयारी की जा रही है।
गौरतलब है कि ईंट भट्ठों को हटाने की मांग को लेकर बुधवार को बच्चों और पालकों ने स्कूल में तालाबंदी कर विरोध प्रदर्शन किया था। प्रशासन ने एक सप्ताह के भीतर भट्ठों को हटाने का आश्वासन दिया है। पालकों ने चेतावनी दी है कि यदि तय समय में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

